"नाबालिग से रेप के दोषी यूपी के BJP विधायक पर अध्यक्ष जेपी नड्डा क्या कहेंगे..": कर्नाटक CM सिद्धारमैया

कर्नाटक के बेलगावी में एक आदिवासी महिला को निर्वस्त्र कर घुमाने की घटना का राजनीतिकरण करने को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री सिद्धारमैया (Karnataka Chief Minister Siddaramaiah) ने शनिवार को भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से पूछा कि नौ साल की बच्ची से दुष्कर्म के लिए दोषी करार दिए गए उत्तर प्रदेश के भाजपा विधायक रामदुलार गोंड के बारे में वह क्या कहेंगे.

मुख्यमंत्री ने 11 दिसंबर की घटना के खिलाफ भाजपा द्वारा चार सांसदों सहित पांच सदस्यीय केंद्रीय दल भेजने, पीड़िता से मिलने और शनिवार को राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन करने के बाद यह बयान दिया. बेलगावी जिले के वंतामुरी गांव में एक आदिवासी महिला को निर्वस्त्र कर घुमाया गया और एक खंभे से बांध दिया गया था. महिला का बेटा उसी समुदाय की एक लड़की के साथ भाग गया था, जिसके बाद इस घटना को अंजाम दिया गया.

सिद्धारमैया ने जानना चाहा, ''क्या आपको इस बात की जानकारी है कि उत्तर प्रदेश के एक भाजपा विधायक को कल (शुक्रवार) 25 साल कैद की सजा सुनाई गई है? उसने नौ साल की बच्ची से दुष्कर्म किया था. इस घटना पर नड्डा को क्या कहना है?''

उन्होंने कहा कि किसी को राष्ट्रीय आपराधिक रिकॉर्ड ब्यूरो के आंकड़े खंगालने चाहिए और यह पता करना चाहिए कि भाजपा के शासनकाल के दौरान लड़कियों और महिलाओं पर अत्याचार के कितने मामले सामने आए हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह आदिवासी महिला पर अत्याचार की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं और अपराधियों को सख्त से सख्त सजा दिलाना चाहते हैं, क्योंकि इस घटना ने समाज का सिर शर्म से झुका दिया है.

सिद्धारमैया ने कहा कि राज्य सरकार ने पीड़िता को मदद देने के लिए हर संभव उपाय किए हैं, जिसमें मंत्री के पीड़िता के घर जाकर उनसे मुलाकात करने, सांत्वना देने, मुआवजा प्रदान करने और आरोपियों की गिरफ्तारी जैसे कदम शामिल हैं.

ये भी पढ़ें- "22 जनवरी को अयोध्या नहीं आएं...": NDTV पर राम मंदिर ट्रस्ट ने लोगों से किया अनुरोध



from NDTV India - Latest https://ift.tt/moVaHGw

Post a Comment

0 Comments